अमेठी: जिले में एक युवक का बीच सड़क पर अवैध तमंचा लोड करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खुलेआम दहशत फैलाने के किये तमंचा लोड कर रहा है। पीड़ित युवक की तहरीर पुलिस ने सबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर दोनो युवकों के बीच गाली-गलौज हुई थी, जिसके बाद दबंग युवक ने दहशत फैलाने के घटना वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि मामला मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के पूरे पहलवान गांव का है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि मामूली बात पर विवाद के बाद एक युवक सड़क पर तमंचा निकालकर उसे लोड कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना से पहले इंस्टाग्राम पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस और गाली-गलौज हुई थी। उसी विवाद के बाद यह वीडियो सामने आया है।
इस मामले में पूरे पहलवान निवासी गोविंद पुत्र शिव दर्शन ने मुसाफिरखाना थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी करन पुत्र रामकुमार निवासी लोनिया सरैया सबलशाह, थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरे मामले पर मुसाफिरखाना के क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वादी की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विधिक कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। सीओ ने स्पष्ट किया कि अब तक की पुलिस जांच में मौके पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पाई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। अवैध असलहा कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।













































