कांधला के मुहल्ला सरावज्ञान निवासी आस्था जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए आल इंडिया 9वीं रैंक हासिल की है। यह आस्था का तीसरा प्रयास था। इससे पहले उन्होंने 131वीं रैंक के साथ आइपीएस का पद पाया था और दूसरी बार 181वीं रैंक प्राप्त की थी। आस्था फिलहाल हैदराबाद में आइपीएस ट्रेनिंग ले रही हैं।
पिता की किराना दुकान से मिली प्रेरणा
आस्था के पिता अजय कुमार जैन कस्बे में किराना और कंफेक्शनरी की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि आस्था बचपन से मेधावी और मेहनती रही हैं। उनके लक्ष्य हमेशा से आइएएस अधिकारी बनने के रहे। परिवार का कहना है कि बेटी की लगन और समर्पण ने उसे सफलता दिलाई।
UP: बलिया की बेटी शिक्षा पाठक का कमाल, UPSC में 453वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान
आइएएस बनने का जुनून और मेहनत
आस्था ने अपने आइएएस बनने के सपने को पाने के लिए कभी हार नहीं मानी। पहले प्रयास में उन्हें 131वीं रैंक मिली, जिससे उनका चयन आइपीएस के लिए हुआ। दूसरे प्रयास में 186वीं रैंक मिलने के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में टॉप-10 में जगह बनाई। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कांधला से प्राप्त की और हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पढ़ाई शामली के स्काटिश इंटरनेशनल स्कूल से की। 2019 में इंटरमीडिएट परीक्षा में 500 में से 496 अंक लेकर उन्होंने देश में चौथा स्थान प्राप्त किया।
परिवार और समाज में खुशियों की लहर
आस्था के चयन की खबर मिलते ही उनके पिता ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। परिणाम आने के बाद मुहल्लेवासी, स्कूल के निदेशक और अन्य लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे। आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन आंचल, भाई सार्थक और अपने शिक्षकों को दिया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया पर आस्था को बधाई दी।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )



















































