अमेठी तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन सख्त, सरकारी कार्यालयों के बाहर लगे चेतावनी पोस्टर

अमेठी : अमेठी तहसील प्रशासन ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। एसडीएम पंकज मिश्र के निर्देश पर तहसील परिसर समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों के बाहर चेतावनी संबंधी पोस्टर लगवाए गए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से आमजन को जागरूक करते हुए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि रिश्वत लेना और देना दोनों ही कानूनन अपराध हैं।

पोस्टरों में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि कोई कर्मचारी, अधिकारी या अन्य व्यक्ति किसी सरकारी कार्य के बदले धनराशि या सुविधा की मांग करता है तो इसकी शिकायत तत्काल उपजिलाधिकारी या तहसीलदार कार्यालय में करें। शिकायतकर्ताओं की सुविधा के लिए अधिकारियों के संपर्क नंबर भी पोस्टरों पर अंकित किए गए हैं, ताकि लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: पाकिस्तान को भेज रहे थे भारत के सीक्रेट! यूपी में आतंकी साजिश का पर्दाफाश, दो संदिग्ध गिरफ्तार

एसडीएम पंकज मिश्र ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आम जनता को बिना किसी दबाव और बिना रिश्वत दिए सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए तहसील प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तहसील परिसर में लगाए गए इन पोस्टरों की चर्चा आम लोगों के बीच भी हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन का यह कदम भ्रष्टाचार पर रोक लगाने में सहायक साबित होगा और इससे आम जनता का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया प्रभावी कदम बताया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)