तमिलनाडु की सत्ताधारी एआईएडीएमके के बागी नेता और शशिकला के भतीजे दिनाकरन के चेन्नई स्थित आवास के बाहर उनकी कार पर पेट्रोल बम से हमला किया गया. पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हमले के वक्त दिनाकरन वहां मौजूद नहीं थे.
पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात शख्स कार पर पेट्रोल बम फेंक कर फरार हो गया. इस हमले में दिनाकरन का ड्राइवर और एक निजी फोटोग्राफर घायल हुआ है. इस हमले में दिनाकरन की एसयूवी का पिछला शीशा चूर हो गया. घटनास्थल पर कांच के टुकड़े सड़क पर बिखरे पाए गए.
Chennai: Country made petrol bomb hurled at TTV Dhinakaran's car by an unidentified miscreant. Dhinakaran was not in the car at time of the incident. His driver and personal photographer injured. #TamilNadu pic.twitter.com/4WlyzP6DG7
— ANI (@ANI) July 29, 2018
दिनाकरन ने पिछले साल दिसंबर में सत्ताधारी एआईएडीएमके से नाता तोड़ते हुए चेन्नई की आरके नगर सीट से चुनाव लड़ा था. दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता की इस सीट से उन्होंने शानदार जीत हासिल की थी.
इसके बाद दिनाकरन ने अपनी अलग पार्टी बना ली थी. ऐसा कहा जा रहा है कि पार्टी से निष्कासित एक कार्यकर्ता बुलेट परिमलम ने कथित रूप से इस हमले को अंजाम दिया. हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी बात की पुष्टि नहीं की है.










































