कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। यहां उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनके आवास पर मुलाकात की। बैठक में TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।
दोनों नेताओं के बीच चुनाव के बाद बंगाल में हुई हिंसा, आगजनी और राजनीतिक घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। अखिलेश यादव ने फोन पर बातचीत के बाद अब ममता बनर्जी से आमने-सामने मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार बैठक में बंगाल के सियासी हालात, विपक्षी एकता और भविष्य की रणनीति पर अहम चर्चा जारी है।
पांच राज्यों के चुनाव नतीजों के बाद विपक्षी दलों में हलचल तेज हो गई है। भाजपा की बंगाल में बड़ी जीत और असम में हैट्रिक के बाद सत्ताधारी दल में उत्साह है, वहीं विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर आगे की राह तलाश रही हैं। अखिलेश यादव की यह यात्रा इसी कड़ी में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Also Read : अखिलेश यादव को पूड़ी खिलाना दलित अंजलि को पड़ा भारी! अब पिता का हुआ डिमोशन
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव मीडिया से बातचीत करेंगे। इस बैठक को विपक्षी राजनीति को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। ममता बनर्जी और अखिलेश यादव के बीच पहले भी अच्छे समीकरण रहे हैं और दोनों नेता कई मुद्दों पर एक साथ आवाज उठाते रहे हैं।
बंगाल में भाजपा की मजबूत बढ़त और टीएमसी की सीटों में भारी गिरावट के बाद यह पहली प्रमुख विपक्षी बैठक है। राजनीतिक विश्लेषक इसे विपक्षी दलों द्वारा अपनी रणनीति पर फिर से विचार करने का संकेत मान रहे हैं।
अखिलेश यादव की कोलकाता यात्रा और ममता बनर्जी के साथ मुलाकात से साफ है कि चुनावी नतीजों के बावजूद विपक्षी एकता की कोशिशें जारी हैं। बैठक का नतीजा क्या निकलता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।










































