लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बुलडोजर का आतंक और सत्ता का दुरुपयोग लोकतंत्र के विरुद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा निर्दोषों के साथ अन्याय को अपनी सफलता मानती है।
अखिलेश यादव ने कहा, “बेसहारों और गरीबों के घर तोड़ना भाजपा अपनी ताकत समझती है। सरकारों को संवेदनशील और मानवीय आचरण करना चाहिए, लेकिन उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं हो रहा है।”
फर्जी मुठभेड़ और महंगाई पर निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने फर्जी मुठभेड़ों की आड़ में गोली के दुरुपयोग की निंदा करते हुए इसे अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। सरकार पूंजीपतियों को मुनाफा करा रही है, जबकि आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है।
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की ‘दाम बांधो’ नीति पर जोर देते हुए कहा कि उनकी पार्टी महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आरक्षण, बिजली संकट और किसान मुद्दे
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण छीन रही है और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को धोखा दे रही है। उन्होंने बिजली संकट को लेकर पूरे प्रदेश में हाहाकार की बात कही और कहा कि भाजपा सरकार ने एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “किसानों को खाद, बीज और पानी समय पर नहीं मिल रहा है।” उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर दवाई और पढ़ाई सस्ती होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के हित में काम करती रही है और आने वाले समय में भी जनता की आवाज बनेगी।












































