घरेलू बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप: ऑडियो वायरल होने पर जांच शुरू

बरेली : बरेली जिले के सीबीगंज क्षेत्र में घरेलू बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शिकायत देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर गोपनीय जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मुर्शीदाबाद निवासी अरविन्द कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने घर के लिए 8 जनवरी 2026 को घरेलू बिजली कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन के अगले दिन नदोसी बिजली घर से फोन कर सर्वे के लिए रुपये तैयार रखने को कहा गया। पीड़ित का कहना है कि सर्वे के बाद एक संविदा कर्मचारी ने कनेक्शन जारी करने के एवज में 9 हजार रुपये की मांग की, जबकि एक संविदा एसएसओ द्वारा पहले 10 हजार रुपये मांगे गए थे।

Also Read : एंटी करप्शन टीम ने आधार-सीएससी डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

अरविन्द कुमार ने दावा किया कि रिश्वत मांगने की बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जिसमें कथित रूप से रुपये मांगने की आवाज स्पष्ट सुनाई दे रही है। उनका आरोप है कि रिश्वत की रकम न देने के कारण अब तक उनके घर का बिजली कनेक्शन जारी नहीं किया गया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के अन्य लोगों से भी बिजली कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली की जाती रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरीय अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद गोपनीय जांच कराई जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)