गोरखपुर AIIMS में नवजात बच्चा बदलने का आरोप, परिजनों ने लगाया हंगामा, प्रशासन ने निराधार बताते हुए थाने में दी तहरीर

गोरखपुर AIIMS (Gorakhpur AIIMS) में शनिवार (18 जनवरी 2026) को एक चौंकाने वाला विवाद सामने आया। एक युवक और उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने प्रसव के दौरान बेटे को जन्म दिया था, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने बच्चे को बदलकर बेटी थमा दी। घटना के अनुसार, उसी दिन दो महिलाओं की डिलीवरी हुई थी ,एक को बेटा और दूसरी को बेटी। परिजनों का कहना है कि शुरुआती सूचना बेटे की थी, लेकिन बाद में बेटी सौंपी गई, जिससे शक हुआ।

परिजनों का अस्पताल में हंगामा 

परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। AIIMS प्रशासन ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार करार दिया और कहा कि कोई बच्चा नहीं बदला गया। प्रशासन ने दावा किया कि आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने अनावश्यक प्रदर्शन किया, जिससे चिकित्सकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। इसके जवाब में एम्स प्रशासन ने एम्स थाने में तहरीर दर्ज कराई।

Also Read: पूर्वी उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्टता की ओर प्रगति करता AIIMS गोरखपुर

परिजनों ने बच्चे की पहचान पर सवाल उठाए

दोनों प्रसूताओं को लगभग एक साथ ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया था। अल्ट्रासाउंड और अन्य रिपोर्ट्स से जेंडर की जानकारी पहले से थी, लेकिन परिजनों ने बच्चे की पहचान पर सवाल उठाए। युवक ने डीएनए जांच की मांग की है ताकि बच्चे की जैविक पुष्टि हो सके। हालांकि, अभी तक अस्पताल या प्रशासन की ओर से डीएनए टेस्ट कराने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

कई बार ऐसे मामले आए समने 

भारत में सरकारी अस्पतालों में ऐसे बच्चा बदलने (baby swap) के आरोप समय-समय पर सामने आते रहते हैं, जैसे हाल ही में झांसी मेडिकल कॉलेज, दुर्ग जिला अस्पताल, मुजफ्फरपुर एसकेएमसीएच और दौसा में हुए मामले। इनमें ज्यादातर मामलों में:

  •  परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस जांच शुरू होती है।
  • सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाता है।
  • डीएनए सैंपल लेकर फॉरेंसिक जांच कराई जाती है।

अगर आरोप साबित होते हैं तो अस्पताल पर लापरवाही का केस बनता है और मुआवजे की मांग हो सकती है। गोरखपुर AIIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में यह घटना अगर सत्यापित हुई तो सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बड़े सवाल उठेंगे। फिलहाल मामला जांच के दौर में है और डीएनए रिपोर्ट से ही सच्चाई स्पष्ट होगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.