प्रेम जाल में फंसाकर एक साल तक शोषण का आरोप, प्रेमी की बारात रोकने दिल्ली से अमेठी पहुंची युवती; आत्मदाह की दी चेतावनी

अमेठी : जिले के मोचवा गांव में प्रेम संबंध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली में कार्यरत एक युवती अपने प्रेमी की तलाश में अमेठी पहुंची है। उसने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने युवक की प्रस्तावित दूसरी शादी रुकवाने की मांग करते हुए पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता, जिसका नाम सीमा (परिवर्तित नाम) बताया गया है, मूल रूप से बहराइच की रहने वाली है। वह दिल्ली के एक शॉपिंग मॉल में नौकरी करती थी। वहीं उसकी मुलाकात मोचवा गांव निवासी मोहित विश्वकर्मा से हुई, जो दिल्ली में काम करता था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए।

युवती का आरोप है कि मोहित लगभग एक वर्ष तक उसके साथ रहा और इस दौरान उसका शारीरिक व आर्थिक शोषण करता रहा। युवती के अनुसार, वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवाइयों के जरिए उसका गर्भपात करा दिया। उसने युवती से करीब 57 हजार रुपये नकद लिए और समय-समय पर हजारों रुपये लेता रहा।

युवती ने यह भी दावा किया है कि युवक ने उसके पहचान पत्र में खुद को पति के रूप में दर्ज कराया था, जिससे उसे विश्वास हो गया था कि वह उससे शादी करेगा। पीड़िता का आरोप है कि 12 अप्रैल 2026 को युवक उसे दिल्ली में अकेला छोड़कर अपने गांव लौट आया। बाद में उसे पता चला कि युवक की शादी 2 मई को तय है।

यह जानकारी मिलते ही युवती अमेठी पहुंची और तीन दिन तक युवक के घर पर रुकी, लेकिन परिजनों ने उसे वहां से भगा दिया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके जेवरात, एटीएम कार्ड और अन्य सामान भी आरोपी के पास हैं। उसने पहले कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की मांग की।

पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह आत्मघाती कदम उठा सकती है। इस संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।