अमेठी : ज़िले में भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जवानों की सेहत के लिए अनोखी पहल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी पुलिसकर्मियों को गर्मी से बचाव के लिए विशेष समर कैप वितरित की गई हैं। इसका मकसद धूप में ड्यूटी करने वाले जवानों को लू और सनस्ट्रोक से बचाना है। इसके साथ ही पुलिस के जवानों को ORS भी दिए गए है।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में एसपी ने खुद जवानों को कैप बांटी और ड्यूटी के दौरान गर्मी से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक, गश्त व ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी सबसे ज्यादा धूप के संपर्क में रहते हैं। इसलिए सभी को समर कैप पहनकर ही ड्यूटी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
ओआरएस के पैकेट भी कराए गए उपलब्ध
इसके साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को बड़ी संख्या में ओआरएस के पैकेट भी उपलब्ध कराए गए हैं। थाने से फील्ड में जाने वाले हर पुलिसकर्मी को ओआरएस पैकेट साथ ले जाने को कहा गया है। ताकि डिहाइड्रेशन की स्थिति में तुरंत घोल बनाकर पीया जा सके।
रोटेशन सिस्टम लागू करने के आदेश
एसपी सरवणन टी ने आउटडोर ड्यूटी के लिए रोटेशन सिस्टम लागू करने के आदेश दिए हैं। कोई भी जवान लगातार कई घंटे धूप में खड़ा न रहे। थोड़ी-थोड़ी देर में जवानों को छाया में आराम दिया जाए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी या हीटवेव से संबंधित कोई शिकायत होने पर जवान को तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाएं।
Also Read – UP: इटावा पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो घायल गिरफ्तार
समर कैप और ओआरएस मिलने से बड़ी राहत
पुलिसकर्मियों ने इस पहल पर खुशी जताई है। जवानों का कहना है कि 44 डिग्री तापमान में ड्यूटी करना बेहद मुश्किल हो रहा था। समर कैप और ओआरएस मिलने से बड़ी राहत मिली है। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी जनता की सेवा तभी कर पाएंगे जब वे खुद स्वस्थ रहेंगे। एसपी ने कहा की सरवणन टी ने कहा कि इस समय जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। पुलिसकर्मी लगातार धूप में खड़े होकर ड्यूटी करते है ऐसे में पुलिसकर्मियों को धूप से बचाव के लिए समर कैप के साथ ही ओआरएस के पैकेट भी दिए गए है इसके साथ ही फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को रोटेशन के हिसाब से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए है।






































