सहारनपुर : थाना बड़गांव क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम जड़ौदा पांडा के पास हसनपुर-लौटनी हाईवे के नीचे स्थित नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी देवबंद और प्रभारी निरीक्षक बड़गांव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और पंचायतनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिससे मामले की जांच में मदद मिल सके।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। थाना बड़गांव पुलिस द्वारा जनपद के डीसीआरबी (डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो) के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक के बारे में कोई सुराग मिल सके।
इसके अलावा, हाईवे पर स्थित विभिन्न कट्स और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































