UP: लखनऊ (Lucknow) के मोहनलालगंज (Mohanlalganj) इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय लवकुश ने घरेलू विवाद के चलते अपने 45 वर्षीय पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
घरेलू विवाद माना जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि पिता-पुत्र के बीच चल रहे घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी के चलते गुस्से में आकर बेटे ने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इससे पहले आशियाना कांड ने भी मचाया था हड़कंप
इससे पहले लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में भी एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। वहां अक्षत प्रताप सिंह नामक युवक ने अपने कारोबारी पिता मानवेन्द्र सिंह की हत्या कर दी थी। आरोप है कि उसने पहले अपने पिता को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके कई टुकड़े कर दिए। शव को छिपाने के लिए घर में रखे ड्रम का इस्तेमाल किया गया था।
घटनाओं ने उठाए गंभीर सवाल
इन दोनों घटनाओं ने रिश्तों की संवेदनशीलता और पारिवारिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर रही हैं और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव की ओर इशारा कर रही हैं।














































