रायबरेली में एआरटीओ का ‘रौद्र रूप’: सड़कों पर दौड़ रहे ‘ओवरलोड’ सौदागरों में मची भगदड़

रायबरेली: जिले की शांत सड़कों पर मौत का सामान लादकर सरपट दौड़ने वाले ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार ने ‘धर्मयुद्ध’ छेड़ दिया है। विभाग की इस अचानक हुई घेराबंदी से ट्रक मालिकों और ओवरलोडिंग के सिंडिकेट में ऐसा हड़कंप मचा है कि कई ड्राइवरों ने तो गाड़ियां सड़कों के किनारे खड़ी कर जंगलों का रुख कर लिया। एआरटीओ की इस ‘क्लीन स्वीप’ मुहिम ने ट्रांसपोर्ट जगत के धुरंधरों के पसीने छुड़ा दिए हैं।

​आधी रात का सन्नाटा और कटियार का ‘हंटर’

​शहर से लेकर देहात तक, जब आधी रात को लोग चैन की नींद सो रहे थे, तब एआरटीओ उमेश कटियार अपनी टीम के साथ सड़कों पर ‘शिकार’ की तलाश में थे। बछरांवा से लेकर लालगंज और बांदा-बहराइच हाईवे तक, हर नाके पर प्रवर्तन टीम का पहरा था। जैसे ही क्षमता से दोगुना मौरंग और गिट्टी लादे ‘यमदूतों’ ने जिले की सीमा में प्रवेश किया, एआरटीओ की टीम ने उन्हें दबोच लिया।

​खेतों में कूदे ड्राइवर, ढाबों पर खड़ी हुईं ‘कतारें’

​कार्रवाई इतनी गोपनीय और सटीक थी कि मुखबिर तंत्र भी फेल हो गया। बताया जा रहा है कि लालगंज मार्ग पर जब एआरटीओ की गाड़ी दिखी, तो हड़बड़ाहट में तीन ट्रक चालक गाड़ियां बीच सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। वहीं, छापेमारी की सूचना आग की तरह व्हाट्सएप ग्रुपों पर फैल गई, जिसके बाद सैकड़ों ओवरलोड ट्रक रास्ते में पड़ने वाले ढाबों के पीछे छिप गए।

Also Read: प्री-वेडिंग शूट के बहाने रेप…अयोध्या से चौंकाने वाला मामला आया सामने

​लाखों का लगा ‘फटका’, रसूखदारों की पैरवी भी फेल

​इस ताबड़तोड़ छापेमारी में अब तक दर्जनों वाहनों को सीज किया जा चुका है और भारी-भरकम जुर्माना ठोंका गया है। सूत्रों की मानें तो कई ‘सफेदपोशों’ ने फोन घनघनाकर कार्रवाई रोकने की जुगत भिड़ाई, लेकिन एआरटीओ उमेश कटियार के कड़े तेवरों के आगे किसी की एक न चली। विभाग ने साफ कर दिया है कि जेब भरने के चक्कर में सड़कों का सीना छलनी करने वालों की अब खैर नहीं।

क्या बोले ARTO?

ARTO प्रवर्तन उमेश कटियार ने बताया कि नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन हमारी प्राथमिकता पर हैं। यह अभियान अभी और तेज होगा।”

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.