यूपी की चायल विधानसभा सीट से बागी विधायक पूजा पाल (Pooja Pal) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर तीखा हमला किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें प्रदेश का ‘धुरंधर’ मुख्यमंत्री बताया। पूजा पाल का कहना है कि अगर सपा सरकार होती, तो उनकी भी हत्या हो सकती थी, लेकिन आज उनकी सुरक्षा मुख्यमंत्री योगी की वजह से है।
रामगोपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया
हाल ही में सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा था कि सपा सरकार आने पर अतीक अहमद (Atiq Ahmed) की हत्या का बदला लिया जाएगा। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उनका कहना था कि अतीक अहमद ने न केवल उनकी निजी जिंदगी को तबाह किया, बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित किया।
Also Read: पूजा पाल ने सीएम योगी को लेकर कही बड़ी बात!पूजा पाल पति राजू पाल की बरसी पर हुईं भावुक
अतीक अहमद और सपा के संबंध उजागर
पूजा पाल ने आरोप लगाया कि सपा सरकार अतीक अहमद को संरक्षण देती थी। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक फिल्म ने यह स्पष्ट किया कि किस तरह अतीक अहमद ने सपा सरकार के संरक्षण में अपराध और अवैध गतिविधियों का साम्राज्य खड़ा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने माफियाओं जैसे अतीक और मुख्तार के साम्राज्य को खत्म किया।
निजी अनुभव और आरोप
चायल विधायक ने कहा कि अतीक अहमद ने उनके पति राजू पाल की हत्या कर उनके जीवन को नष्ट किया। इसके अलावा, अतीक ने हजारों युवाओं को नशे का आदि बना दिया और नकली नोटों का कारोबार कर देश की सुरक्षा को खतरे में डाला। पूजा पाल ने इसे सपा सरकार की मिलीभगत और संरक्षण का उदाहरण बताया।
सपा का फाइनेंसर और पार्टी से निष्कासन
पूजा पाल ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद सपा का सबसे बड़ा फाइनेंसर था और इसी कारण उसकी मौत पर सपा नेतृत्व नाराज था। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि रामगोपाल यादव अतीक की हत्या का बदला लेने की बात कर रहे हैं। गौरतलब है कि पूजा पाल 2022 में सपा के टिकट पर विधायक बनी थीं, लेकिन पिछले साल अगस्त में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































