अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की जांच तेज, नोट गिनने वाले 43 कर्मचारी रडार पर

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर चल रही एसआईटी जांच के बीच चंपत राय के करीबी माने जाने वाले राम शंकर यादव उर्फ टीनू यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि कुछ लोग व्यक्तिगत ईर्ष्या और दुर्भावना के चलते उनके खिलाफ गलत बातें फैला रहे हैं।

1983 से संगठन से जुड़े होने का किया दावा

एक समाचार चैनल से बातचीत में टीनू यादव ने बताया कि वह वर्ष 1983 से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि उनका मकान, जमीन और अन्य संसाधन राम मंदिर निर्माण से पहले के हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को संदेह है तो उनकी संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है।

Also Read: राम मंदिर के चढ़ावे में 200 करोड़ की गड़बड़ी! करोड़ों की हेराफेरी के बीच जवाब देने से भाग रहे जिम्मेदार

चंपत राय पर लगे आरोपों का भी किया बचाव

टीनू यादव ने कहा कि राम मंदिर में किसी तरह की चोरी या गड़बड़ी नहीं हुई है। उन्होंने चंपत राय पर लगाए जा रहे आरोपों को भी आधारहीन बताते हुए कहा कि बिना किसी प्रमाण के पूरे मामले को अनावश्यक रूप से प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए।

एसआईटी से नहीं हुई अब तक पूछताछ

टीनू यादव के मुताबिक, जांच एजेंसी ने अभी तक उनसे कोई पूछताछ नहीं की है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एसआईटी उन्हें बुलाती है तो वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट में उनकी भूमिका सेवा कार्यों तक सीमित रही है और वह साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े दायित्व निभाते रहे हैं।

Also Read: राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी! एसआईटी की एंट्री से मचा हड़कंप, ट्रस्ट अधिकारियों और कर्मचारियों का ब्योरा तलब

चढ़ावा प्रबंधन की प्रक्रिया पर एसआईटी की नजर

इधर एसआईटी की जांच फिलहाल दानपेटियों से निकली राशि की गिनती और उसके प्रबंधन की प्रक्रिया पर केंद्रित है। सूत्रों के अनुसार, नोटों की गिनती और उन्हें गड्डियों में व्यवस्थित करने से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 43 कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न पहलुओं को जांच के दायरे में लिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)