बहराइच: एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 17 बोरी यूरिया व 6 साइकिलों के साथ चार नेपाली तस्कर गिरफ्तार

बहराइच: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 59वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 बोरी यूरिया उर्वरक, 6 साइकिलें तथा चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा चौकी बाधापुरवा और एपीएफ (नेपाल) के संयुक्त गश्ती दल ने की।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे भदा नदी के पास, सीमा स्तंभ संख्या 669/25 से लगभग 1.5 किलोमीटर भारतीय सीमा के भीतर गश्त के दौरान जवानों ने छह लोगों को अवैध रूप से भारत से नेपाल की ओर यूरिया ले जाते हुए देखा। गश्ती दल को देखकर सभी तस्कर यूरिया और साइकिलें छोड़कर भागने लगे। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चार लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो फरार होने में सफल रहे।

Also Read: UP: पति पर तेजाब फेंक अपहरण करने वाली पत्नी को 7 साल की सजा, साथी भी दोषी करार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम भरोस चौधरी (46), विकास थारू (25), अनिल कुमार थारू (30) और निरंजन थारू (21) के रूप में हुई है। सभी नेपाल के निवासी हैं। एसएसबी ने मौके से 17 बोरी यूरिया (प्रत्येक बोरी 45 किलोग्राम) और 6 साइकिलें बरामद कीं। बरामद सामान और गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, मिहींपुरवा (बहराइच) को सौंप दिया गया है।

एसएसबी की 59वीं वाहिनी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य सीमा पार अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सतर्क निगरानी और संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)