बहराइच: घर लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा, नाले में गिरकर 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

बहराइच: थाना पयागपुर क्षेत्र के वार्ड नंबर-05 में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की नाले में गिरकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजकुमार शर्मा पुत्र देवीप्रसाद शर्मा, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-05 पयागपुर, शनिवार रात करीब 11 बजे पयागपुर बस स्टॉप से अपने घर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि घर के नजदीक स्थित नाले के किनारे पहुंचने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे नाले में जा गिरे और पानी में डूब गए।

Also Read: UP: बांदा में दर्दनाक हादसा, ई-रिक्शा पलटने से 9 वर्षीय मासूम की मौत, मां घायल

हादसे की जानकारी आसपास के लोगों को होने पर मौके पर हलचल मच गई। घटना की सूचना तत्काल थाना पयागपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया।

इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रात में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)