Ballia: बलिया में शराब तस्करी से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस ने एक एक्सप्रेस ट्रेन के कोच अटेंडेंट को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक बलिया रेलवे स्टेशन से जीआरपी पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गरीब नवाज एक्सप्रेस के एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार ले जाता था और वहां ऊंची कीमत पर बेचता था। बिहार में शराबबंदी के कारण शराब की मांग और कीमत अधिक होने का फायदा उठाकर आरोपी कथित तौर पर मुनाफा कमाता था।
जानिए क्या है पूरा मामला?
बलिया जीआरपी पुलिस ने आरोपी के पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद कीं। पुलिस ने बताया कि बलिया रेलवे स्टेशन पर चलाए गए एक चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन नंबर 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस में बतौर कोच अटेंडेंट काम करता है। उसने खुलासा किया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां शराब की काफी मांग है और यह काफी ऊंचे दामों पर बिकती है। इसी का फायदा उठाने के लिए वह उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से सस्ती शराब खरीदता था और ट्रेन में अपने पद का लाभ उठाकर इसे बिहार ले जाकर महंगे दामों में बेच देता था। वह बलिया से शराब खरीदकर बिहार में शराब बेचने का लंबे समय से काम कर रहा था।
थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार राम के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जीआरपी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस अवैध नेटवर्क में ट्रेन के अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































