बलिया: लापरवाही की भेंट चढ़ी प्रसूता, जिला महिला चिकित्सालय में नेहा गोंड की मौत पर भारी आक्रोश

UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बलिया (Ballia) जिले के जिला महिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। मनियर क्षेत्र के पिलुई गांव की रहने वाली नेहा गोंड की प्रसव के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने के कारण यह दुखद घटना हुई, जिससे परिवार और गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है।

तीन घंटे तक तड़पती रही प्रसूता

परिवार के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को प्रसव पीड़ा होने पर नेहा गोंड को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नेहा के पिता शंकर गोंड और भाई विशाल गोंड का कहना है कि वह करीब तीन घंटे तक दर्द से तड़पती रही, लेकिन उस समय अस्पताल में कोई महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थी। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर डॉक्टर उपलब्ध होते तो नेहा की जान बचाई जा सकती थी।

Also Read: होटल में खुद गर्दन रेती, CCTV में लाइव वारदात कैद…यूपी में दर्दनाक मौत का मामला आया सामने, मचा हड़कंप

परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन

घटना से नाराज परिजनों और गोंड समाज के लोगों ने बलिया जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट रामाश्रय वर्मा को सौंपा गया।

कड़ी कार्रवाई की मांग, प्रशासन का आश्वासन

ज्ञापन में प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने, लापरवाह चिकित्साकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और दोषी कर्मचारियों को बर्खास्त करने की मांग की गई है। इस दौरान शंकर गोंड, विशाल गोंड, अरविंद गोंडवाना, मनोज शाह, सुरेश शाह, संजय गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं नगर मजिस्ट्रेट ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)