यूपी के बलिया जिले के सहतवार क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कुछ दबंगों ने ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की सरेआम पिटाई कर दी। यह पूरी घटना गैस एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
घटना सहतवार स्थित चैन शक्ति इंडियन गैस एजेंसी की बताई जा रही है। यहां सुरक्षा के लिए तैनात होमगार्ड रमाकांत यादव कतार में लगे लोगों को बारी-बारी से अंदर भेज रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक आए और बिना लाइन के अंदर जाने की जिद करने लगे। जब होमगार्ड ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए कतार में आने को कहा तो दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दिया और देखते ही देखते होमगार्ड पर हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई लाइव तस्वीरें
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंग युवक होमगार्ड के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस हमले में होमगार्ड रमाकांत यादव को सर, कमर और पैरों में गंभीर चोटे आई है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है।
Also Read : आगजनी, पत्थरबाजी और गाड़ियों में तोड़फोड़…’, नोएडा में कर्मचारियों की सैलरी वॉर!
अस्पताल में उपचार करा रहे होमगार्ड रमाकांत यादव ने बताया कि मैं गैस एजेंसी पर लाइन लगवा रहा था तभी दो तीन युवक आए और सीधे अंदर जाने लगे। मना करने पर उन्होंने भद्दी-भद्दी गालियां दी और मारपीट शुरू कर दी। बताया उन्होंने धमकी दी की एजेंसी से बाहर निकलो तुम्हारी जान मार देंगे।
घटना के बाद पीड़ित होमगार्ड ने सहतवार थाने में आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और इलाके में बढ़ते अपराधों पर सवाल खड़े कर दिए है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































