48 घंटे तक नहीं सोई बरेली पुलिस, 500 CCTV और 20 हजार नंबर खंगालकर डेढ़ साल के मासूम को किडनैपर्स से छुड़ाया

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में डेढ़ साल के मासूम बच्चे के अपहरण के बाद पुलिस ने 48 घंटे तक लगातार अभियान चलाकर उसे सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस की पांच टीमें दिन-रात लगी रहीं। 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और करीब 20 हजार मोबाइल नंबरों की जांच की गई। आखिरकार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो किडनैपर्स को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया।

बच्चे की बरामदगी के बाद परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। जैसे ही पुलिस मासूम को लेकर घर पहुंची, उसकी मां दौड़कर बच्चे से लिपट गई और फूट-फूटकर रोने लगी। परिवार ने हाथ जोड़कर पुलिस टीम का धन्यवाद किया।

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से बदायूं निवासी रमन मनौना धाम में कर्मचारी हैं और परिवार के साथ धाम के पास किराए के मकान में रहते हैं। 24 मई को उनका डेढ़ वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध युवक बच्चे को ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में एसपी साउथ अंशिका वर्मा, सीओ आंवला नितिन कुमार, एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना आंवला पुलिस की संयुक्त टीमें सक्रिय हो गईं।

लगातार 48 घंटे तक पुलिस ने एक-एक सुराग पर काम किया। जिले से बाहर जाने वाले रास्तों की निगरानी बढ़ा दी गई। सर्विलांस टीम ने करीब 20 हजार मोबाइल नंबरों की जांच की। मंगलवार देर रात सूचना मिली कि अपहरणकर्ता बच्चे को बेचने की फिराक में हैं।

इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। 26 और 27 मई की रात करीब दो बजे बाइक पर दो संदिग्ध युवक बच्चे के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसल गई और बच्चा सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसी दौरान दरोगा सोमपाल अपनी जान जोखिम में डालकर फायरिंग के बीच बच्चे तक पहुंचे और उसे सुरक्षित गोद में उठाकर वहां से बाहर ले आए।

मुठभेड़ में हेड कॉन्स्टेबल कौमिश कुमार घायल हो गए। पुलिस ने दोनों अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान शाहजहांपुर निवासी योगेश कन्नौजिया (28) और बदायूं निवासी पवन सिंह (25) के रूप में हुई है।

सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि बच्चे को सकुशल बरामद करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन पूरी टीम ने लगातार मेहनत कर ऑपरेशन को सफल बनाया। एसएसपी अनुराग आर्य भी लगातार पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे।

इस सफल ऑपरेशन के बाद बरेली पुलिस की तेजी और सतर्कता की हर ओर सराहना हो रही है।