वृंदावन,मथुरा : आगरा ज़ोन के नवनियुक्त एडीजी एस.के. भगत ने शनिवार को वृंदावन पहुंचकर ठाकुर बांके बिहारी महाराज के दर्शन किए। कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर सेवायतों ने उनका स्वागत कर प्रसादी वस्त्र, अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया।
मई 2026 में हुए आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद 1998 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एस.के. भगत को आगरा ज़ोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में वह शनिवार को बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना कर मंदिर की देहरी पर इत्र अर्पित किया।
Also Read : नवजात शिशु का नाला बना सहारा! यूपी की ये कहानी आपको रुला देगी
मंदिर के सेवायत गोस्वामी बालकृष्ण ने उन्हें ठाकुर जी का प्रसाद एवं आशीर्वाद प्रदान किया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।
दर्शन के बाद एडीजी एस.के. भगत ने वृंदावन स्थित पर्यटन थाने का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
गौरतलब है कि पूर्व एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ का तबादला कर उन्हें कानपुर ज़ोन भेजा गया है।इस दौरान डीआईजी आगरा शैलेश कुमार पांडे और एसएसपी श्लोक कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।















































