गोरखपुर पुलिस की CCTNS सेल ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जनपद में खोए या गुम हुए 852 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए। इन फोनों की अनुमानित कीमत 1,27,78,417 रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
गोरखपुर में पुलिस ने तकनीक का बेहतरीन उपयोग करते हुए आमजन की समस्या का प्रभावी समाधान किया है। CCTNS सेल की टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों के आधार पर CEIR पोर्टल पर उपलब्ध ट्रेसबिलिटी डिटेल्स का विश्लेषण किया। इसमें मोबाइल में प्रयुक्त सिम नंबरों और उनकी लोकेशन को ट्रैक कर बड़ी संख्या में फोन बरामद किए गए।
पुलिस लाइन में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल अधिकारी CEIR) ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। फोन वापस पाकर लोगों ने पुलिस की इस पहल की खूब सराहना की और खुशी जाहिर की।
थाना-वार बरामदगी:
इस चरण में बरामद 852 मोबाइल विभिन्न थानों से प्राप्त हुए, जिनमें शामिल हैं:
– कैंट थाना— 227 मोबाइल (सर्वाधिक)
– पिपराइच — 79
– बड़हलगंज — 76
– गोला — 59
– गोरखनाथ — 52
– शाहपुर — 49
– चिलुआताल — 41
– रामगढ़ताल — 35
– राजघाट — 29
– बांसगांव — 22
– खोराबार व झंगहा — 21-21
बाकी मोबाइल अन्य थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए।
अब तक का कुल आंकड़ा:
CEIR पोर्टल लागू होने के बाद से गोरखपुर पुलिस ने अब तक कुल 2637 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 4,49,35,584 रुपये है। यह आंकड़ा पुलिस की तकनीकी दक्षता और आमजन सेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पुलिस की अपील:
गोरखपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत संबंधित थाने में सूचना दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें। इससे फोन को जल्द ट्रेस कर वापस दिलाया जा सकता है।
इस अभियान में जनपद के विभिन्न थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों, आरक्षी कंप्यूटर चालकों और पुलिस कर्मियों की टीम वर्क की सराहना की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में यह सफलता हासिल हुई।
यह पहल न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना को भी मजबूत करती है।










































