UP: बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बस्ती महादनपुर में एक तिलक समारोह उस समय हिंसा की चपेट में आ गया, जब मामूली विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। समारोह में शामिल तीन युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
दोस्तों के बीच हुआ विवाद, सीने में लगी गोली
पुलिस के अनुसार महाराजपुर निवासी अरुण यादव अपने परिचितों के यहां तिलक समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसकी पुरानी बस्ती महादनपुर निवासी रितेश पासवान और अमित कुमार राम से किसी बात को लेकर बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोप है कि दोनों युवकों ने अरुण पर फायरिंग कर दी। गोली उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को मऊ रेफर, हालत स्थिर
घटना के बाद मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अरुण को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मऊ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।
एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, दूसरे की तलाश जारी
सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे नामजद आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: संभल में 101 करोड़ का सरकारी ‘लैंड स्कैम’…’, पूर्व ईओ राजकुमार गुप्ता गिरफ्तार
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज, जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है तथा पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


















































