UP: बिजनौर (Bijnor) जिले के नहटौर नगर में एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब दुल्हन ने मेकअप का सामान कम होने पर शादी से साफ इनकार कर दिया। यह सामान दूल्हा पक्ष की ओर से लाया गया था। खुशी का माहौल देखते ही देखते तनाव में बदल गया और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बारात पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, नूरपुर के इस्लाम नगर निवासी युवक की शादी नहटौर क्षेत्र की एक युवती से तय हुई थी। 8 अप्रैल की रात धामपुर मार्ग स्थित एक बैंक्वेट हॉल में बारात पहुंची। शादी की रस्में शुरू होने से पहले ही दुल्हन ने मेकअप का सामान कम होने की बात कहकर विवाह से इंकार कर दिया, जिससे दोनों परिवारों में विवाद शुरू हो गया।
बहस से मारपीट और पथराव तक पहुंची बात
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान दूल्हे की कार के शीशे टूट गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। साथ ही दूल्हे के भाई के साथ भी मारपीट की गई।
पुलिस पहुंची मौके पर, कुछ लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Also Read: प्री-वेडिंग शूट के बहाने रेप…अयोध्या से चौंकाने वाला मामला आया सामने
समझौते के बाद टूटी शादी, बारात लौटी बैरंग
कोतवाली प्रभारी के अनुसार, किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है। देर रात दोनों परिवारों और समाज के लोगों की मौजूदगी में समझौता हुआ, जिसमें शादी रद्द करने का निर्णय लिया गया। साथ ही तय हुआ कि दूल्हा पक्ष, दुल्हन पक्ष के हुए खर्च का भुगतान करेगा। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































