UP: बुलंदशहर (Bulandshahr) जिले में चैत्र मास के नवरात्र के दौरान कूट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के बाद 38 लोग बीमार हो गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लोगों को सिर दर्द, चक्कर, जी मिचलाना और उल्टी जैसी शिकायतें हुई। ज़्यादातर मरीजों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि कुछ लोग सुधार के बाद घर लौट गए।
व्रत खोलते ही परेशानी शुरू
बीमारी की शुरुआत शाम को हुई, जब लोग पूरे दिन व्रत रखने के बाद कूट्टू के आटे से बनाई गई पकौड़ी, पूरी और अन्य व्यंजन खाने लगे। खाने के कुछ ही देर बाद मरीजों में तेज़ चक्कर, उल्टी और सिर दर्द जैसी समस्याएँ देखने को मिली।
Also Read: UP सरकार का बड़ा कदम, अब सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारकों को मिलेगा इलाज
स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
एक ही परिवार के कई सदस्यों के बीमार पड़ने की खबर से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। जिला अस्पताल में मरीजों को तुरंत भर्ती किया गया और उनका चिकित्सा उपचार शुरू कर दिया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि सभी मरीजों को फूड पॉइजनिंग की शिकायत थी और इनमें स्त्री, पुरुष, किशोर और बच्चों सभी उम्र के लोग शामिल हैं।
संभावित कारण और प्रभावित इलाके
बीमारी का मुख्य कारण एक्सपायरी या खराब कूट्टू का आटा बताया जा रहा है, जिसे लोग स्थानीय दुकानों से खरीदकर इस्तेमाल कर रहे थे। प्रभावित क्षेत्रों में मोहन नगर भूड़, स्याना रोड, हीरापुर, राधा नगर, ततारपुर, धमेड़ा अड्डा, मीरपुर ख्वाजपुर और सुशीला विहार शामिल हैं। अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि किसी भी संदिग्ध आटे का उपयोग तुरंत बंद करें और अगर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अस्पताल संपर्क करें।



