कायमगंज, फर्रुखाबाद : क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी की घटनाओं के बीच राजपालपुर गांव में हुई दुधारू भैंस चोरी की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोर रात के अंधेरे में भैंस खोलकर ले गए और कई दिनों तक पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। आखिरकार भैंस के बच्चे के लगातार रंभाने से चोरी का पता चला और जब चोर चोरी की भैंस को खुलेआम पशु बाजार में बेचने पहुंचे, तब ग्रामीणों की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हुआ।
राजपालपुर निवासी संजय पुत्र महिपाल सिंह की दुधारू भैंस रात करीब 11 बजे खूंटे से खोलकर चोरी कर ली गई। भैंस का बच्चा खूंटे पर ही बंधा रह गया, जो पूरी रात लगातार रंभाता रहा। बच्चे की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली तो भैंस गायब थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने पूरी रात तलाश की, लेकिन भैंस का कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी रोकथाम करने में नाकाम साबित हो रही है। यही वजह है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे चोरी किए गए पशुओं को खुले बाजार तक ले जाकर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
बाजार में बेचने पहुंचे तो खुली चोरी की परतें
सुबह भैंस मालिक संजय को सूचना मिली कि उनकी चोरी हुई भैंस गंगा दरवाजा (टिलियां) स्थित नकासे में बेचने के लिए लाई गई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और अपनी भैंस को पहचान लिया। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चोरी की भैंस, उसे ढोने में इस्तेमाल किए गए लोडर वाहन तथा चालक को हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दो मुख्य संदिग्ध आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। इससे पुलिस कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पशु बाजारों और संदिग्ध गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जाती तो चोरी की भैंस को बेचने की नौबत ही नहीं आती। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पशु चोर गिरोहों के खिलाफ कोई ठोस अभियान नहीं चलाया गया, जिसके चलते चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पूरे गिरोह का खुलासा कर पशुपालकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए। उनका कहना है कि किसानों और पशुपालकों की मेहनत की कमाई उनके पशु होते हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
पूछताछ जारी, तहरीर का इंतजार प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा है कि जहां एक ओर भैंस के बच्चे की रंभाहट ने चोरी का राज खोल दिया, वहीं दूसरी ओर यह मामला क्षेत्र में बढ़ती पशु चोरी और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई गंभीर प्रश्नचिह्न छोड़ गया है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































