बलिया में गरजा बुलडोजर, दुबहर रिंग बंधा मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

बलिया : बलिया में जिला प्रशासन ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए जगरनाथ मूर्ति चौराहे से दुबहर रिंग बंधा बांध मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन का बुलडोजर कई स्थानों पर गरजता नजर आया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे और अवैध अतिक्रमण हटाए गए, जिससे मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।

सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा ने बताया कि सड़क मार्ग पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया।

Also Read : अमेठी में मुंशीगंज पुलिस का अभियान, छह वारंटी गिरफ्तार

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सड़क अथवा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें तीन दिन के भीतर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन दोबारा अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करेगा।

अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बाधित करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)