चंदौली: बबुरी थाना क्षेत्र के बबुरी कस्बे में बुधवार देर रात 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान जान्हवी पटवा (14) पुत्री गौतम पटवा के रूप में हुई है, जो स्थानीय निजी विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
परिवार के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे जान्हवी अपने कमरे में छत की कड़ी से साड़ी के फंदे के सहारे लटकी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जमीन विवाद के बीच हत्या का आरोप
मृतका के पिता गौतम पटवा ने आरोप लगाया कि परिवार में काफी समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने इस मामले में अपने पिता फेक्कन पटवा, भाई रवि पटवा और भाभी श्रद्धा को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच, जुटाए जा रहे साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बबुरी थानाध्यक्ष किशोर कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।














































