रायबरेली: जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। मानक के विपरीत संचालित पाए गए 75 स्कूली वाहनों के पंजीकरण को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) की ओर से निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित वाहन संचालकों और स्वामियों को नोटिस जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दे दी गई है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निरस्तीकरण के बावजूद यदि ये वाहन सड़कों पर फर्राटा भरते पाए गए, तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
फिटनेस, इंश्योरेंस और लाइसेंस के बिना दौड़ रहे थे वाहन
जनपद के अधिकांश स्कूलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बच्चों को लाने और ले जाने का काम किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि कई वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र समाप्त हो चुका था, जबकि कई के पास वैध इंश्योरेंस और चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं थे। इसके बावजूद ऐसे असुरक्षित वाहन बेधड़क जिले की सड़कों पर दौड़ रहे थे और बच्चों की जान जोखिम में डाल रहे थे।
एआरटीओ उमेश कटियार के नेतृत्व में चला अभियान
एआरटीओ उमेश कटियार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 75 स्कूली वाहनों में गंभीर खामियां और अनियमिताएं मिलीं। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एआरटीओ ने इन सभी वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया है। इस कार्रवाई की औपचारिक सूचना सभी संबंधित स्कूल संचालकों को भी भेज दी गई है ताकि वे इन वाहनों का उपयोग तुरंत प्रभाव से बंद कर दें।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































