राशन लेने जा रहे दंपति से मारपीट, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बरेली : बरेली जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र में दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। खलीलपुर रोड पर राशन लेने जा रहे एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर तीन लोगों ने मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित रिंकू दास पुत्र निर्मल दास, निवासी खलीलपुर रोड, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह घर से राशन लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद बृजेश गुप्ता, निखिल गुप्ता और रितिक गुप्ता ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर रिंकू दास के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी।

Also Read: UP: ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत मुगलसराय पुलिस का बड़ा एक्शन, 528 किलो गांजा किया गया नष्ट, कीमत 1 करोड़ से अधिक 

शोर-शराबा सुनकर जब रिंकू की पत्नी रेनू दास मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी, तो आरोपियों ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की और अभद्रता की। पीड़ित के अनुसार मारपीट में उसे काफी गुम चोटें आई हैं, जिसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी बृजेश गुप्ता पूर्व में भी उसकी पत्नी को फोन कर परेशान करता रहा है तथा कई बार घर में घुसने की कोशिश कर चुका है। इस वजह से दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।

Also Read: UP: ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत मुगलसराय पुलिस का बड़ा एक्शन, 528 किलो गांजा किया गया नष्ट, कीमत 1 करोड़ से अधिक 

घटना की सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)