‘7वीं बार दूल्हा बनने जा रहे पापा…’, पिता की शादी रुकवाने थाने पहुंचा बेटा

UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आजमगढ़ (Azamgarh) जिले के अहरौला थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही पिता की प्रस्तावित सातवीं शादी को रोकने के लिए पुलिस से मदद मांगी है। बेटे ने थाने में लिखित शिकायत देकर कहा कि उसके पिता एक और शादी की तैयारी कर रहे हैं और इसे रोका जाना चाहिए। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।

पहले ही कर चुके हैं छह शादियां

शिकायत के अनुसार अहरौला क्षेत्र के रहने वाले 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य पर अब तक छह शादियां करने का आरोप है। बेटे शनि मौर्य ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अमरजीत की तीसरी पत्नी हैं। उससे पहले दो शादियां हो चुकी थीं और बाद में भी उन्होंने कई बार विवाह किया। अब वह सातवीं शादी की तैयारी में लगे हुए हैं, जिससे परिवार में तनाव का माहौल बन गया है।

Also Read: अश्लील वीडियो बनाकर परेशान कर रहा था Ex-बॉयफ्रेंड, शादीशुदा Ex-GF ने मुंह पर तेजाब डालकर उतारा मौत के घाट

छठी पत्नी के जाने के बाद बढ़ा विवाद

बेटे का कहना है कि वर्ष 2024 में अमरजीत मौर्य ने छठी शादी की थी। शुरू में सब ठीक चला, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी ने जमीन अपने नाम करने की मांग शुरू कर दी। जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो उसने गहनों की मांग की और विवाद बढ़ गया। आखिरकार वह घर छोड़कर चली गई। बेटे का आरोप है कि अब पिता सातवीं शादी के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं और इसके लिए जमीन बेचने की तैयारी भी कर चुके हैं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

नाबालिग बेटे ने यह भी आरोप लगाया कि पिता ने शादी के लिए किसी व्यक्ति से करीब 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए हैं, जबकि परिवार की आधे से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है। शनि का कहना है कि वह 12वीं का छात्र है और पिता के कर्ज चुकाने के लिए उसे मजदूरी तक करनी पड़ रही है। गांव के प्रधान ने भी बताया कि अमरजीत की कई शादियों को लेकर गांव में चर्चा है। वहीं अहरौला थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)