दिल्ली: बांग्लादेशी आतंकी मॉड्यूल के 8 आरोपी गिरफ्तार, लश्कर-ए-तैयबा से कनेक्शन, जांच में बड़े खुलासे

दिल्ली (Delhi) में सुरक्षा एजेंसियों ने एक लश्कर-ए-तैयबा (LeT) मॉड्यूल को धर दबोचा है। जांच में पता चला है कि इस मॉड्यूल का कथित हैंडलर शब्बीर अहमद लोन था, जिसने अपना ठिकाना बांग्लादेश में बनाया हुआ था। वहीं से वह भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा था।

हाफिज सईद और लखवी से सीधे संपर्क

सूत्रों के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन सीधे लश्कर के सरगना हाफिज सईद और आतंकी जकी-उर-रहमान लखवी के संपर्क में था। आतंकी नेटवर्क में हाफिज सईद का कोड नेम ‘चाचा जी’ और लखवी का ‘ताया जी’ के रूप में इस्तेमाल होता था।

Also Read:लखनऊ यूनिवर्सिटी में कैंपस के अंदर मौजूद मस्जिद को सील किया गया,मुस्लिम छात्रों के ढाल बने हिंदू छात्र,पूरे विवाद का क्या है जड़?

आतंकी गतिविधियों में सक्रियता और प्रशिक्षण

जांच में यह भी सामने आया कि शब्बीर को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने वाला अबु अलकामा था। बताया गया है कि वर्ष 2005 के आसपास अबु अलकामा ने शब्बीर को जिहाद के लिए प्रेरित किया। बाद में शब्बीर ने बांग्लादेश में अपना बेस तैयार किया और 2019 में जेल से रिहा होने के बाद भारत में आने-जाने लगा। दिल्ली और कोलकाता में लगाए गए भारत-विरोधी पोस्टर इसी मॉड्यूल से जुड़े पाए गए हैं।

कोलकाता में बांग्लादेशी नागरिकों को लाने की योजना

जांच में यह भी पता चला कि शब्बीर के निर्देश पर मॉड्यूल ने कोलकाता के बाहरी इलाके में एक घर किराए पर लिया था। हथियार खरीदने के लिए शब्बीर ने 80 हजार रुपये से अधिक की रकम भेजी। मॉड्यूल के सदस्य, खासकर मालदा का उमर फारुख, शब्बीर से सिग्नल ऐप के जरिए संपर्क में थे। कथित योजना के अनुसार, तमिलनाडु से पकड़े गए छह बांग्लादेशी नागरिकों को कोलकाता बुलाकर आतंकवादी हमले करवाए जाने के बाद उन्हें वापस भेजने की योजना बनाई गई थी।

Also Read:भारत में 3.25 लाख करोड़ का डिफेंस डील!114 राफेल की हुई एंट्री!

ISI और आतंकियों का सक्रिय नेटवर्क

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, बांग्लादेश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का सक्रिय नेटवर्क मौजूद है। वहां कई आतंकी संगठन जैसे अंसार बांग्ला टीम, जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB), न्यू JMB, इस्लामिक छात्र शिविर, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हरकत-उल-जिहाद-ए-इस्लामी (HUJI) सक्रिय हैं। एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं और संभावित आतंकवादी साजिशों को रोकने के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)