इटावा: महेवा भोगनी गंग नहर के नगला महासिंह पुल से नहर पटरी के किनारे गौतमपुरा पुल तक करीब तीन किलोमीटर लंबी डामर सड़क इन दिनों झाड़ियों और खरपतवार से घिरी हुई है। सड़क की हालत भी बदहाल है। जगह-जगह डामर उखड़ने के साथ गहरे गड्ढे हो गए हैं। वहीं दोनों ओर साइड शोल्डर पर उगी कई फीट ऊंची झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
स्थानीय निवासी राम सिंह, समाजसेवी दीपू निषाद, पुष्पेंद्र सिंह, सोनू और समाजसेवी प्रशांत यादव उर्फ बंटी ने बताया कि लंबे समय से सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई है। कई स्थानों पर सड़क का किनारा तक दिखाई नहीं देता। सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाने में भी परेशानी होती है। इससे बाइक सवारों और पैदल राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मार्ग की खराब स्थिति के कारण लखना बाजार की ओर आने-जाने वाले ग्रामीणों को करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने सड़क की सफाई के साथ गड्ढों की मरम्मत और साइड शोल्डर दुरुस्त कराने की मांग की है।
नहर विभाग के जेई जयनेंद्र कुमार ने बताया कि आज 26 सितंबर तक नहर में पानी बंद होने की संभावना है। इसके बाद सफाई कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। करीब 15 दिन में सफाई का काम शुरू होने की उम्मीद है। सड़क के दोनों साइड शोल्डर पर उगी झाड़ियों को भी काटकर साफ कराया जाएगा।














