गोण्डा : गोण्डा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बाबू ईश्वरशरण जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, पार्किंग, मरीजों एवं तीमारदारों के बैठने की व्यवस्था, व्हीलचेयर उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मरीजों के पर्चों पर लिखी जाने वाली दवाओं का ऑनलाइन अपडेट शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, शौचालयों की नियमित सफाई तथा पूरे अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक फ्लोर पर कम से कम पांच व्हीलचेयर उपलब्ध कराने तथा डॉक्टरों, नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
Also Read – Uttar Pradesh: सुरीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के जेवरात समेत दो युवक गिरफ्तार
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएमएस जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाओं में सुधार संबंधी कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज और तीमारदार को बेहतर, सम्मानजनक एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












































