डीजल-पेट्रोल की कमी की अफवाहों पर जिलाधिकारी सख्त, कहा- पैनिक होकर न करें खरीदारी

गोरखपुर : जिलाधिकारी दीपक मीणा ने पेट्रोल-डीजल की कथित कमी की अफवाहों पर सख्ती दिखाते हुए लोगों से अपील की है कि पैनिक होकर अनावश्यक खरीदारी न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में डीजल की कोई कमी नहीं है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अप्रैल माह में जनवरी, फरवरी और मार्च की तुलना में डीजल की अधिक सप्लाई हुई है। कुछ लोग जरूरत से ज्यादा डीजल खरीदकर घरों और गोदामों में स्टोर कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक दबाव बन रहा है।


भंडारण पर चेतावनी

डीएम दीपक मीणा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति बड़ी मात्रा में डीजल का भंडारण करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read : निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति पर मंडलायुक्त सख्त, समयबद्ध गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

किसानों से विशेष अपील

जिलाधिकारी ने किसानों से विशेष अपील करते हुए कहा कि पैनिक होकर डीजल खरीदने की कोई जरूरत नहीं है। खेतों और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पहले किसान कम मात्रा में डीजल लेकर काम चला लेते थे, लेकिन अब कई लोग बड़े-बड़े ड्रम लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के लिए किसी प्रकार का कोटा निर्धारित नहीं किया गया है और जरूरत के अनुसार डीजल मिलता रहेगा।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, ईंधन की कालाबाजारी या अनावश्यक भंडारण से बचें तथा केवल अपनी आवश्यकता के अनुसार ही डीजल खरीदें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध हो सके।

“जिले में डीजल की कोई कमी नहीं है। पैनिक होकर अनावश्यक खरीदारी न करें। बड़ी मात्रा में भंडारण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” : दीपक मीणा, जिलाधिकारी, गोरखपुर


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)