डीएम डॉ. अंकुर लाठर का औचक निरीक्षण, स्कूल में पढ़ाई और मिड-डे मील की हकीकत परखी

फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को विकासखंड कमालगंज के प्राथमिक विद्यालय बर्ना बुजुर्ग में औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचने से विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी पढ़ाई का स्तर जांचा। उन्होंने खास तौर पर पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए। शिक्षकों से कहा कि पारंपरिक तरीके छोड़कर पढ़ाई में नए और रोचक तरीके अपनाएं, ताकि बच्चों की सहभागिता बढ़े और सीखने की गुणवत्ता सुधरे।

Also Read: ‘सब कुछ सरकार के इशारे पर हुआ…’, गाजीपुर में सपा डेलिगेशन पर पथराव को लेकर अखिलेश यादव का तीखा हमला

डीएम ने स्कूल में उपस्थिति रजिस्टर, नामावली और अन्य अभिलेखों की भी जांच की। वहीं परिसर की साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल का माहौल साफ, सुरक्षित और प्रेरणादायक होना चाहिए।

मिड-डे मील की भी डीएम ने हकीकत जानी। बच्चों से सीधे बात कर भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और वितरण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि योजना में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी पारदर्शिता के साथ इसे लागू किया जाए।

इसके अलावा डीएम ने निःशुल्क किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर बच्चों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

Also Read : सियासी विरोध के बावजूद अखिलेश यादव का संवेदनशील कदम, मेदांता पहुंचकर भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल जाना

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को चॉकलेट और टॉफी बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों ने भी डीएम से खुलकर बातचीत की।

अंत में डीएम ने कहा कि अच्छी शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, इसलिए सभी अधिकारी और शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और गंभीरता से निभाएं।

इस मौके पर पीडी डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)