KKR को डबल शॉक! हर्षित राणा के बाद एक और भारतीय तेज गेंदबाज IPL 2026 से आउट

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मिनी ऑक्शन में सबसे बड़ा पर्स लेकर उतरते हुए कई बड़े खिलाड़ियों पर दांव लगाया था, लेकिन सीजन शुरू होने से पहले ही टीम को करारा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाशदीप आईपीएल 2026 से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन अब वे पूरे सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे।

बढ़ी टीम की चिंता

KKR की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पहले ही युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो चुके हैं।  वहीं, श्रीलंका के स्टार गेंदबाज मथीशा पाथिराना को अभी तक उनके क्रिकेट बोर्ड से अनुमति नहीं मिली है, जिससे उनके शुरुआती मैचों में खेलने पर संशय बना हुआ है। इन परिस्थितियों में टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी कमजोर नजर आ रहा है।

Also Read: IPL 2026: पश्चिम एशिया संकट बनेगा बाधा? LPG की कमी और खिलाड़ियों की आवाजाही पर BCCI सतर्क, टूर्नामेंट की शुरुआत पर अनिश्चितता

रिहैब में चल रहे आकाशदीप

टीम का ट्रेनिंग कैंप 18 मार्च से शुरू हो चुका है, लेकिन आकाशदीप ने इसमें हिस्सा नहीं लिया। बताया जा रहा है कि वह इस समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। हालांकि उनकी चोट की प्रकृति और रिकवरी की स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

चोटों ने करियर पर डाला असर

आकाशदीप का करियर लगातार चोटों से प्रभावित रहा है।  पिछले चार आईपीएल सीजन में सक्रिय रहने के बावजूद वह केवल 14 मैच ही खेल सके हैं, जिसमें उन्होंने 10 विकेट लिए हैं। पिछले सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 8 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन एक ही सीजन के बाद टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)