इटावा: बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम रमीकावर में बिजली के ट्रांसफार्मर ने अचानक ऐसा कहर बरपाया कि पूरा गांव तेज धमाके से दहल उठा। अचानक ट्रांसफार्मर फटने के बाद उसमें आग की विकराल लपटें उठने लगीं। जोरदार धमाके की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रांसफार्मर में धमाका होने के कुछ ही क्षण बाद उससे आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब आधे घंटे तक ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलता रहा। इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन आग और बिजली के खतरे को देखते हुए कोई उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
Also Read: UP: छात्राओं को CM Yogi की सौगात, स्कूटी वितरण की तैयारियां तेज, अफसरों को निर्देश जारी
गनीमत रही कि जिस समय ट्रांसफार्मर फटा, उसके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने के साथ ही जनहानि भी टल गई। हालांकि ट्रांसफार्मर जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली गुल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को घटना की सूचना देकर तत्काल जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलने और विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि विद्युत व्यवस्था में समय रहते आवश्यक निगरानी और रखरखाव किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














