CM योगी के हेलीकॉप्टर से टकराया पक्षी, वाराणसी पुलिस लाइन में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

 

आज सीएम योगी आदित्यनाथ बाल बाल एक हादसे का शिकार होते होते बचे। दरअसल, सीएम आज अपने दौरे पर वाराणसी पहुंचे हुए हैं। आज यानी कि रविवार सुबह 9.05 बजे सर्किट हाउस से पुलिस लाइन पहुंचे और हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए उड़ान भरी लेकिन पक्षी से टकराने के बाद पुलिस लाइन में ही हेलीकॉप्टर की लैंडिंग करा दी गई। डीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में बर्ड हिट हो गया था इसलिए सावधानी के लिए हेलीकॉप्टर वापस आ गया।

होने से बचा बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सीएम लखनऊ से स्पेशल चॉपर से अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे थे और शाम को उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर बैठक भी की। जिसके बाद आज उन्हें सुल्तानपुर निकलना था। पुलिस लाइन से उनके हेलिकॉप्टर ने सुलतानपुर के लिए उड़ान भरी थी, पर पक्षी से टकराने के बाद पुलिस लाइन में ही उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करा दी गई।

लखनऊ के लिए निकले सीएम

फिलहाल हेलिकॉप्टर की तकनीकी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि लखनऊ से स्टेट प्लेन वाराणसी के लिए रवाना हो चुका है। अब स्टेट प्लेन से सीएम योगी जाएंगे। सीएम योगी के हेलीकॉप्टर की सही सलामत लैंडिंग होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सीएम योगी कार से सर्किट हाउस पहुंच गए हैं। घटना सामने आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

Also read: Azamgarh Lok Sabha Bypoll Result: आजमगढ़ में पुलिस से भिड़े धर्मेंद्र यादव, लगाया धांधली का आरोप

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )