‘6 नए मंत्रियों की एंट्री, दो मंत्रियों का बढ़ा कद…’, यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी की कैबिनेट का रविवार को विस्तार किया गया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुल 6 नए मंत्रियों को शामिल किया गया, जबकि दो मौजूदा राज्य मंत्रियों को पदोन्नति देकर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। इस विस्तार को सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय बने कैबिनेट मंत्री

शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष Bhupendra Chaudhary से हुई, जिन्होंने सबसे पहले मंत्री पद की शपथ ली। उनके बाद समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा के करीब आए विधायक Manoj Pandey ने शपथ ली। दोनों नेताओं को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके बाद अजीत पाल और सोमेंद्र तोमर ने शपथ ग्रहण किया। दोनों पहले राज्य मंत्री थे और अब उन्हें राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चार नए राज्यमंत्रियों को भी मिला मौका

कैबिनेट विस्तार में कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया है। Krishna Paswan चौथी बार विधायक बनी हैं और राजनीति में आने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में काम कर चुकी हैं। शपथ ग्रहण के बाद अजीत पाल, सोमेंद्र तोमर, कृष्णा पासवान, कैलाश राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश

इस विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है। नए मंत्रियों में एक ब्राह्मण, तीन ओबीसी और दो दलित वर्ग से शामिल किए गए हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा ने सामाजिक प्रतिनिधित्व को मजबूत करने की कोशिश की है। इस विस्तार के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल मंत्रियों की संख्या 60 हो गई है।