‘जब से भाजपा सरकार आई, लोग टेशन में बीयर पी रहे…’, गंगा में बीयर पार्टी मामले पर अखिलेश यादव का BJP पर तंज

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने वाराणसी (Varanasi) में गंगा नदी पर नाव में कथित बीयर पार्टी (Beer Party) के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उनके अनुसार, जब से बीजेपी की सरकार आई है, लोग तनाव और परेशानियों में जी रहे हैं, जिसकी वजह से वे ऐसे तरीकों का सहारा ले रहे हैं।

बीयर पार्टी का वीडियो हुआ वायरल

कुछ दिनों पहले वाराणसी में गंगा नदी पर नावों के बीच एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में कई नावें दिखाई दे रही थीं, जिनमें से एक नाव पर डीजे लगाया गया था और तेज संगीत बज रहा था। साथ ही कुछ लोग नाव पर बैठकर बीयर पार्टी करते नजर आए। बताया गया कि यह घटना अष्टमी के दिन की है, जब परंपरा के अनुसार नाविक अदलपुरा स्थित शीतला धाम में बधावा ले जाते हैं।

Also Read: ‘कुशल अधिकारियों की भाजपा सरकार में कोई अहमियत नहीं…’, आईएएस रिंकू सिंह राही के इस्तीफे पर बोले अखिलेश यादव

नाविक समाज ने जताई नाराजगी

इस घटना पर नाविक समाज ने आपत्ति जताई है। ‘मां गंगा निषादराज सेवा न्यास’ ने इस कृत्य को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह परंपरा और धार्मिक आस्था के खिलाफ है। उनका कहना है कि समाज के लोग इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करते और ऐसे व्यवहार के विरोध में हैं।

इफ्तार पार्टी विवाद भी आया था सामने

इससे पहले भी वाराणसी में गंगा नदी पर नाव में आयोजित एक इफ्तार पार्टी का वीडियो चर्चा में आया था। इसमें रोजेदारों को फल, मेवे और चिकन बिरयानी परोसी गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते भाजपा और अन्य संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार भी किया था।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)