UP: मेरठ जिले के लोहियानगर क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने पूर्व पति पर आठ वर्षीय बेटे को गलत आदतों की ओर धकेलने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि तलाक के बाद बेटा पिता के साथ रह रहा है, लेकिन उसकी उचित देखभाल नहीं की जा रही और वह गलत संगत में पड़ गया है।
बेटे को सिगरेट पीने के लिए उकसाने का दावा
महिला गजाला का आरोप है कि उसके पूर्व पति कलीम बच्चे को सिगरेट पीने के लिए प्रेरित करता है। इतना ही नहीं, वह बच्चे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा करता है। गजाला ने पुलिस से बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उसकी कस्टडी उन्हें सौंपने की मांग की है।
तलाक के बाद पिता के साथ रह रहा है बच्चा
गजाला के अनुसार उनकी शादी वर्ष 2014 में श्याम नगर निवासी कलीम से हुई थी और दोनों के बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते जनवरी 2026 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आठ वर्षीय बेटा अपने पिता के पास रहने लगा। महिला का दावा है कि उसके पास ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें बच्चा सिगरेट पीता दिखाई दे रहा है।
मारपीट और धमकी देने का भी आरोप
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति पहले मादक पदार्थों से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। गजाला का कहना है कि बेटे की पढ़ाई और भविष्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आठ जून को बेटे से मिलने पहुंचने पर पूर्व पति और उसके परिवार के लोगों ने उनके साथ अभद्रता की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
Also Read: UP: लखनऊ में 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से गैंगरेप, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा दिखाए गए वीडियो में बच्चा अकेले कमरे में सिगरेट पीता नजर आ रहा है, हालांकि वीडियो में पूर्व पति दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस सभी आरोपों और तथ्यों की जांच कर रही है तथा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



















































