खेत की आग बुझाने के चक्कर मे खुद जिंदा जला किसान, पोखरे की जाली बचाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां बड़ा गांव में अपने ही खेत में लगी आग को बुझाते समय एक 55 वर्षीय सख्स आग की लपटों की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी जलकर मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

जानकारी के मुताबिक शनिवार 16 मई को मनियर थाना क्षेत्र के बड़ागांव में पानी की टंकी के पास स्थित एक खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मनियर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो मृतक कृष्णा मुनीराम उम्र करीब 55 वर्ष पुत्र स्वर्गीय रूपचंद, निवासी बड़ागांव के रूप में हुई।

 

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में हुआ। मुनीराम अपने खेत में उगी घास को नष्ट करने के लिए पहले उसमें दवा डाली थी और फिर उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते आग काफी दूर तक फैल गई और पास ही स्थित एक मछली पालन वाले पोखरे तक जा पहुंची। आग की लपटों ने पोखरे के चारों तरफ लगी जाली को अपनी चपेट में ले लिया। जाली को जलते देख मुनीराम पास से पानी लेकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, इसी दौरान वह अचानक वही संतुलन खोकर गिर पड़े और भीषण आग की लपटों से घिर गए, जिससे झुलस कर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीओ मनियर जयशंकर मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है। मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है। इस हादसे के बाद से बड़ा गांव और आसपास के ग्रामीण स्तब्ध है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।