फर्रुखाबाद । जनपद फर्रुखाबाद के सूर्य कुमारी इंटर कॉलेज, मंझना की प्रतिभाशाली छात्रा अंशिका यादव ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में पहला और पूरे प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। अंशिका की इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व की भावना पैदा कर दी है।
अंशिका की इस सफलता पर उसे सम्मानित करने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता उसके घर पहुंचे। सपा के प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा ने अंशिका और उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान उन्होंने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए उपहार स्वरूप एक साइकिल भेंट की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर उपस्थित नेताओं ने कहा कि अंशिका की मेहनत और सफलता क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा।
सम्मान समारोह में वी.के. गंगवार (जिला सचिव), नागेंद्र यादव, आकाश पाठक (जिला उपाध्यक्ष, समाजवादी छात्र सभा) सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने अंशिका को उसकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। अंशिका की यह कामयाबी पूरे फर्रुखाबाद के लिए गर्व का विषय बन गई है और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।













































