UP: उत्तर प्रदेश के कौशांबी (Kaushambi) जिले में नेशनल हाईवे-2 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कसिया पश्चिम के पास हुई। जानकारी के अनुसार सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुआ निवासी 30 वर्षीय शिवांश त्रिपाठी अपनी स्कॉर्पियो से जयसवाल होटल की ओर खाना खाने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर उनकी जान चली गई।
पहले ट्रक की टक्कर, फिर कंटेनर ने कुचला
बताया जा रहा है कि जैसे ही शिवांश कसिया पश्चिम के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद शिवांश गाड़ी से उतरकर सामान निकालने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। थाना प्रभारी चंद्र भूषण ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है और मामले की जांच की जा रही है। साथ ही फरार वाहन की तलाश भी की जा रही है।
कुछ दिन पहले ही हुई थी सगाई, गांव में शोक
शिवांश त्रिपाठी अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और कुछ दिन पहले ही उनकी सगाई हुई थी। परिवार में जल्द ही शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































