अमेठी: कहते हैं प्यार में सब जायज़ है, लेकिन जब बात शादी और दहेज पर आ जाए तो कहानी का मोड़ भी बदल जाता है. ऐसा ही एक दिलचस्प मामला थाना रामगंज क्षेत्र में सामने आया है, जहां पहले प्यार और शादी की सहमति बनी, लेकिन बाद में दहेज की मांग के साथ रिश्ते पर ब्रेक लग गया.
थाना क्षेत्र के एक गांव में शनि पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन और भागीपुर निवासी अंकेश कुमार के बीच बातचीत के दौरान नजदीकियां बढ़ीं और दोनों शादी के लिए तैयार हो गए. करीब एक महीने पहले दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति भी हो गई कि जल्द ही शादी की रूपरेखा तय कर ली जाएगी.
कथित रूप से गाली-गलौज की गई
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया, जब 20 फरवरी को शनि पाल अपनी बहन की शादी की बात पक्की करने अंकेश के घर पहुंचे. आरोप है कि वहां अंकेश की मां ने शादी से साफ इनकार कर दिया और दहेज की मांग रख दी. जब शनि ने दहेज देने में असमर्थता जताई और पहले की सहमति की बात याद दिलाई, तो कथित रूप से गाली-गलौज की गई और दोबारा शादी की बात करने पर जान से मारने की धमकी भी दे दी गई.
मामला जांच में है
अब प्यार की इस कहानी ने पुलिस चौखट का रास्ता पकड़ लिया है. पीड़ित ने थाना रामगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामला जांच में है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी कृष्ण मोहन ने बताया कि मामले में अंकेश कुमार पाल और उसकी मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 351(3), 352 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
INPUT-ANANYA MISHRA







































