होली के त्यौहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा के लिए पहले से ही विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं और आवश्यकता के अनुसार उनकी संख्या बढ़ाई भी जा रही है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार होली के अवसर पर कुल 117 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो पूरे महीने में कुल 779 फेरों में संचालित होंगी। इनमें से 78 ट्रेनें पूर्वोत्तर रेलवे से होकर गुजरने वाली या गोरखपुर से शुरू अथवा समाप्त होने वाली हैं, जिन्हें 450 फेरों में चलाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से ही योजना बनाकर करें। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे के आधिकारिक रेलवन ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से ट्रेनों की उपलब्धता और संख्या की जानकारी प्राप्त कर अपने गंतव्य के अनुसार टिकट बुक करें, ताकि यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।
होली के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
INPUT-ANANYA MISHRA















































