पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, ऑपरेशन चक्रव्यूह में चार शातिर गिरफ्तार

अमेठी : अमेठी के गौरीगंज में “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस ने फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे चार शातिर चोरों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, चोरी के औजार, बोलेरो और चोरी का सामान बरामद हुआ, जिनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

अमेठी: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ और घेराबंदी करते हुए सभी को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को गौरीगंज थाना पुलिस क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रघुपुर गांव के पास एक बोलेरो वाहन में कुछ संदिग्ध लोग चोरी की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

Also Read : सहारनपुर में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या

पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई और घेराबंदी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन उर्फ दन्ना पासी, परमानंद यादव, राज यादव और सलमान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, टॉर्च और एक बोलेरो वाहन बरामद किया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बोलेरो की नंबर प्लेट बदलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने राजापुर कौहार स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में चोरी की थी, जहां से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, गैस पाइप और अन्य सामान चोरी कर एक खाली मकान में छिपा दिया गया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)