उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) जनपद के लोनी क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में रविवार को महायज्ञ के दौरान दिल्ली के कर्दमपुरी निवासी आमिर खान (Amir Khan) ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाने की इच्छा जताई। इसके बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने चंदन का टीका लगाकर पटका पहनाया और त्यागी महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्यागी ने आमिर खान का नामकरण अभय त्यागी (Abhay Tyagi) किया। आमिर से अभय बने युवक ने जय श्रीराम के नारे लगाए।
त्यागी महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्यागी ने बताया कि लोनी इलाके के रामलीला मैदान में 51 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया गया। इसी दौरान दिल्ली के कर्दमपुरी इलाके का रहने वाला एक आमिर नाम का युवक महायज्ञ में पहुंचा। उसने जानकारी दी कि वह अविवाहित है और दिल्ली में वेल्डिंग का काम करता है। उनके पूर्वज सनातन धर्म से थे। ऐसे में उनकी आस्था सनातन धर्म में है।
आमिर ने बताया कि भगवान शिव उसके अराध्य हैं। वह पिछले कई वर्ष से उनकी पूजा-अर्चना कर रहे हैं। वह बिना किसी दबाव के सनातन धर्म अपनाना चाहते हैं। उसने अपनी मर्जी से ही हिंदू धर्म अपनाया है और अब उसने आमिर की जगह अपना नाम अभय नाम रख लिया है। वह लगातार जय श्रीराम के नारे लगा रहा था।
उन्होंने बताया कि आमिर का कहना है कि उसके पूर्वज सनातन धर्म से ही थे। जब वह पैदा हुआ तो उन्हें कुछ पता नहीं था कि वह वास्तविक कौन से धर्म से हैं। लेकिन, अब उन्हें पता चला है कि वह जिस धर्म के अनुसार चल रहा है, वह उसका धर्म नहीं है। वह दूसरे धर्म से है। इसलिए अब आमिर से अभय बने युवक ने अपनी मर्जी से ही हिंदू धर्म अपनाया है।
त्यागी महासभा के अध्यक्ष धर्मेन्द्र त्यागी ने बताया कि उन्होंने युवक को अपना गोत्र देते हुए उनका नामकरण अभय त्यागी किया है। युवक से कानूनी औपचारिकताओं की पूर्ति के लिए कागजात मंगाए हैं। कागजी कार्रवाई कराने के बाद आगामी 10 अप्रैल को विधि-विधान से मंदिर में जनेऊ संस्कार कराकर युवक को सनातन धर्म में शामिल किया जाएगा।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )













































